लोकसभा चुनाव से पहले आखिरकार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो गया। INDI गठबंधन की आज संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और गोवा में ये दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली में AAP सात लोकसभा सीटों में से चार – पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी और वहीं कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से चुनाव लड़ेगी। केजरीवाल के साथ सीट शेयरिंग पर शुक्रवार को ही सहमति बन गई थी लेकिन आज सीटों का औपचारिक ऐलान किया गया।
सीट शेयरिंग फॉर्मूला
कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और आम आदमी पार्टी गुजरात की 2 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गोवा की दोनों सीटों पर कांग्रेस ही चुनाव लड़ेगी। हरियाणा की 10 में से 9 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, जबकि एक सीट पर आप चुनाव लड़ेगी।
आपको बता दें चंडीगढ़ और गोवा की दोनों सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी। AAP दक्षिण गोवा में अपने उम्मीदवार का नाम वापस लेगी और हरियाणा में कांग्रेस 9 और आम आदमी पार्टी 1 सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। वहीं गुजरात में कांग्रेस सबसे ज्यादा यानी कि 24 सीटों और आम आदमी पार्टी 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। AAP भरूच, भावनगर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
AAP और कांग्रेस का गठबंधन
राज्य: दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और गोवा
दिल्ली
AAP: 4 सीटें
कांग्रेस: 3 सीटें
गुजरात
कांग्रेस: 24 सीटें
AAP: 2 सीटें
हरियाणा
कांग्रेस: 9 सीटें
AAP: 1 सीट
गोवा
कांग्रेस: 2 सीटें
बीजेपी का पलटवार
आप-कांग्रेस गठबंधन पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के नेता हरीश खुराना ने दोनों दलों के गठबंधन को ठगबंधन करार दे दिया है और साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि चाहें कितने भी लोग इकट्ठे हो जाएं जनता ने मोदी सरकार को जिताने का मन बना लिया है।