जम्मू-कश्मीर में मंत्रिमंडल में फेरबदल के पहले सूबे के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कविंदर गुप्ता अब जम्मू- कश्मीर के नए उप मुख्यमंत्री होंगे। कविंदर गुप्ता आज उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि वो दोपहर बारह बजे उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आज जम्मू कश्मीर मंत्रिमंडल में फेरबदल होना है।
कविंदर गुप्ता संघ के करीबी माने जाते हैं। कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष हैं। जम्मू-कश्मीर में पीडीपी और बीजेपी की गठबंधन की सरकार है। सूत्रों के मुताबिक निर्मल सिंह को जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि ऐसा करने से निर्मल सिंह के मन में भी असंतोष नहीं उबरेगा।
जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के ऐलान के बाद कविंदर गुप्ता ने पार्टी का आभार जताते हुए कहा है कि उनपर पार्टी ने जो भऱोसा किया है वो उसे निभाने की भरपूर कोशिश करेंगे। कठुवा कांड में भी न्याय दिलाने का उन्होंने भरोसा दिया। राज्य में पीडीपी के साथ दोस्ती पर कविंदर गुप्ता ने कहा कि सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश वो करेंगे।
बताया जा रहा है कि आज मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल में कुछ लोगों को प्रमोशन मिल सकता है। राज्यमंत्री को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। उम्मीद ये भी जताई जा रही है कि मंत्रिमंडल में नए चेहरे भी शामिल किए जा सकते हैं। सियासत में मंत्रिमंडल में जगह मिलने वाले नेता गदगद हो जाते हैं तो वहीं कुछ नेता ऐसे भी होते हैं जो मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर निराश हो जाते हैं। वो दबे स्वर में पार्टी की आलोचना करने पर उतारू हो जाते हैं। अभी फिलहाल इस तरह की खबर तो नहीं आ रही हैं लेकिन राजनीति में कुर्सी के लिए कब कौन निराश हो जाए कहना मुश्किल है। आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर की राजनीति किस तरह की करवट लेगी देखना दिलचस्प होगा।