IND vs IRE T20I Series: आयरलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को दोहरे झटके का सामना करना पड़ा है। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट को संयोजन में बदलाव करना पड़ेगा, वहीं युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने का सुनहरा अवसर भी खुल गया है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगी। यह सीरीज अय्यर के लिए भी खास रहने वाली है क्योंकि वह पहली बार इस प्रारूप में टीम इंडिया की कमान संभालेंगे। हालांकि दौरे की शुरुआत से पहले नितीश रेड्डी की चोट ने टीम की योजनाओं को प्रभावित किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार नितीश के बाएं पैर की जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में चोट पाई गई है। मेडिकल जांच में मांसपेशियों में सूजन और फाइबर डैमेज की पुष्टि हुई है। इसके बाद उन्हें आगे के मूल्यांकन और उपचार के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यही वजह है कि वह आयरलैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। उनकी फिटनेस को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि इसके बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण व्हाइट-बॉल सीरीज खेलनी है। उनकी जगह टीम में सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल किये जाने की चर्चा तेज है।
टीम इंडिया के लिए दूसरी चिंता वरुण चक्रवर्ती की अनुपस्थिति है। आईपीएल 2026 के दौरान लगी चोट से उबर रहे वरुण अभी बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि उनकी पूरी फिटनेस को प्राथमिकता दी जाएगी और जल्दबाजी में उन्हें मैदान पर नहीं उतारा जाएगा। चक्रवर्ती की जगह फुल टाइम स्पिन गेंदबाजी की कमान अब रवि बिश्नोई को सौंपी जा सकती है।
इन दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने से युवा प्रतिभाओं के लिए अवसर बन गए हैं। हाल ही में घरेलू, जूनियर क्रिकेट, आईपीएल 2026 और सीनियर क्रिकेट ए टीम (IND vs SL vs AFG Trination Series) में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को इस दौरे पर टीम के साथ भेजा गया है। माना जा रहा है कि उन्हें ओपनिंग में मौका मिल सकता है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार कर सकता है।
इसके अलावा, तेज गेंदबाज प्रिंस यादव भी डेब्यू की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और हालिया प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। यदि उन्हें मौका मिलता है तो यह उनके करियर का बड़ा पड़ाव होगा।
भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम मैच 28 जून को इसी मैदान पर होगा। इस छोटी लेकिन महत्वपूर्ण सीरीज को इंग्लैंड दौरे की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिलता है। वहीं टीम इंडिया उम्मीद करेगी कि नितीश रेड्डी और वरुण चक्रवर्ती जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करें, क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ चुनौतीपूर्ण सीरीज ज्यादा दूर नहीं है।
IND vs IRE T20I सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे









