बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। निर्देशक आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर फिल्म धुरंधर में उनके शांत लेकिन असरदार अभिनय को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। मगर इस बार चर्चा सिर्फ उनकी एक्टिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि फिल्म के उनके एंट्री सॉन्ग ‘FA9LA’ ने भी दुनियाभर में धूम मचा दी है।
5 दिसंबर को फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शकों की नजरें इस गाने पर टिक गई थीं। इसके बाद 8 दिसंबर को मेकर्स ने ‘FA9LA’ का फुल वर्जन रिलीज किया और महज चार दिनों के भीतर यह गाना सोशल मीडिया से लेकर म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स तक ट्रेंड करने लगा।
स्पॉटिफाई ग्लोबल चार्ट में नंबर वन
‘FA9LA’ एक बहरीनी रैप ट्रैक है, जिसे स्थानीय रैपर फ्लिपराची ने आवाज दी है। इस गाने ने फ्लिपराची के करियर में एक बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है। शुक्रवार, 12 दिसंबर को रैपर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर बताया कि ‘FA9LA’ स्पॉटिफाई की वायरल 50 ग्लोबल लिस्ट में पहले नंबर पर पहुंच गया है।
यह लिस्ट दुनिया भर में सबसे तेजी से लोकप्रिय हो रहे 50 गानों को दर्शाती है, जिसकी रैंकिंग शेयर, प्लेलिस्ट एडिशन, स्ट्रीमिंग में अचानक बढ़ोतरी और सोशल मीडिया पर चर्चा जैसे पैमानों पर तय की जाती है। इस उपलब्धि को साझा करते हुए फ्लिपराची ने लिखा, “दुनिया का नंबर 1 वायरल ट्रैक।”
अक्षय खन्ना के डांस ने लूटी वाहवाही
गाने में अक्षय खन्ना के डांस मूव्स भी खूब सराहे जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस एंट्री सीन की कोरियोग्राफी खुद अक्षय खन्ना ने की है। उनके कोरियोग्राफर के मुताबिक, यह सीन पहले एक साधारण एंट्री के तौर पर सोचा गया था, लेकिन अक्षय ने इसमें अपने स्टाइल और आइडिया जोड़कर इसे यादगार बना दिया।
काले सूट और सनग्लासेस में अक्षय खन्ना का स्वैग दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है। धुरंधर में वह रहमान डकैत के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में उनके साथ रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में हैं।
कम शब्दों में कहें तो धुरंधर का ‘FA9LA’ न सिर्फ फिल्म का हाई-पॉइंट बनकर उभरा है, बल्कि ग्लोबल म्यूजिक चार्ट्स पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए एक इंटरनेशनल ट्रेंड भी बन चुका है।









