बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए ने तैयारी पूरी की, महागठबंधन में अब भी खींचतान — जानें किस तरफ किसकी रणनीति?

0
0
बिहार विधानसभा चुनाव 2025
बिहार विधानसभा चुनाव 2025

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और सूबे की 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 122 सीटों का जादुई आंकड़ा हासिल करना होगा। फिलहाल राज्य में जदयू-बीजेपी सहित अन्य दलों के साथ एनडीए की सरकार है और मुख्यमंत्री पद पर नीतीश कुमार आसीन हैं, जबकि विपक्ष के नेता के तौर पर तेजस्वी यादव महागठबंधन की ओर से प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। इस चुनाव में प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी मजबूत दावेदारी के साथ मैदान में उतरी है।

वर्तमान विधानसभा की स्थिति

इस समय बिहार विधानसभा की सियासी तस्वीर देखें तो बीजेपी के पास 80 सीटें हैं, राजद 77 सीटों के साथ विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है। जदयू 45 सीटों पर काबिज है, वहीं कांग्रेस के 19 विधायक हैं। भाकपा-माले के 11, हम (सेक्युलर) के 4, माकपा के 2, एआईएमआईएम के 1 और दो निर्दलीय विधायक मौजूद हैं।

कुल 74 दल मैदान में

इन चुनावों में कुल 74 दल अपना भाग्य आजमा रहे हैं। एनडीए में बीजेपी, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और उपेंद्र कुशवाहा की आएमएल शामिल हैं। दूसरी ओर इंडिया गठबंधन यानी महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, भाकपा-माले, CPI, CPI(M), वीआईपी और IIP जैसे दल शामिल हैं। इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने स्वतंत्र रूप से सभी 243 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

एनडीए ने सीट बंटवारा और उम्मीदवार का काम पूरा किया

एनडीए की ओर से सीट शेयरिंग का फार्मूला तय होने के बाद सभी घटक दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और लगभग सभी सीटों पर नामांकन भी पूरा हो चुका है। केवल मढ़ौरा सीट पर लोजपा (आर) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन कागजी त्रुटि के कारण रद्द हुआ है। इस तरह एनडीए 243 में से 242 सीटों पर मैदान में उतर चुका है।

महागठबंधन में सीट बंटवारे पर असहमति

उधर महागठबंधन में सीट समझौते को लेकर अब भी मतभेद बने हुए हैं। राजद ने नामांकन की अंतिम तारीख पर 143 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया, जबकि कांग्रेस ने अलग-अलग 5 सूचियों के जरिए 60 प्रत्याशी मैदान में उतार दिए। भाकपा-माले ने 20 नाम घोषित किए, वीआईपी ने कुल 15 नामों की सूची जारी की, CPI-M ने 4 उम्मीदवार और CPI के 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन से अलग होकर 6 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है।
दिलचस्प यह है कि महागठबंधन में कुल 243 सीटों के मुकाबले 255 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं, यानी 12 सीटों पर ‘फ्रेंडली फाइट’ की नौबत बन गई है। हालांकि प्रत्याशी नाम वापसी की समयसीमा अभी बाकी है।

सीएम चेहरा कौन?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि चुनाव किस चेहरे के साथ लड़ा जा रहा है। एनडीए खेमे में मोटे तौर पर यह माना जा रहा है कि नेतृत्व नीतीश कुमार ही संभालेंगे, मगर अमित शाह के संकेतों ने कुछ अटकलें जरूर बढ़ा दी हैं।
महागठबंधन में नेतृत्व का सवाल और उलझा हुआ है। कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को आधिकारिक तौर पर सीएम फेस घोषित नहीं किया है। राहुल गांधी ने भी साफ जवाब देने की बजाय सामूहिक नेतृत्व का हवाला दिया। केवल कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह ही तेजस्वी यादव को सार्वजनिक रूप से सीएम कैंडिडेट बता रहे हैं।