महाराष्ट्र में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर आते-जाते उत्तर भारतीयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। महाराष्ट्र के सांगली जिले में वीडियो द्वारा एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें मनसे के कार्यकर्ता आते-जाते उत्तर भारतीयों (मुंबई की भाषा में भईया) के साथ मारपीट कर रहे हैं। इतना ही नहीं कार्यकर्ता उनको दौड़ाकर डंडे से पिटाई भी कर रहे हैं।

मंगलवार को सामने आए एक वीडियो में मनसे के कार्यकर्ता मनसे के झंडे को गले में लपेटकर आते जाते उत्तर भारतीयों को दौड़ा-दौड़ाकर डंडे और लाठियों से उनकी पिटाई कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक मनसे ने महाराष्ट्र के सांगली जिले में ‘लाठी चलाओ भैय्या हटाओ’ नाम से एक मुहिम शुरू की है। इसके तहत गैर मराठियों को इस इलाके से दूर किया जाना है।

पार्टी का आरोप है कि सांगली स्थित महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MIDC) में गैर मराठियों को नौकरी दी जा रही है। पार्टी ने 80 फीसदी सीटों पर केवल मराठियों की भर्ती की मांग की है।

महाराष्ट्र में यह पहली बार नहीं हो रहा है कि जब मनसे के कार्यकर्ताओं ने उत्तर भारतीयों पर हमला किया हो। इससे पहले 2008 में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश और बिहार से आए कई लोगों पर हमले किए थे। सितंबर 2016 में भी मनसे के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक गैर मराठी शख्स से फल की रेहड़ी न लगाने देने को लेकर मारपीट की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here