अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बीजेपी ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, बैजयंत पांडा, महिला मोर्चा अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन और सांसद कमलजीत सहरावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना को लागू करने की घोषणा की, जिससे राजधानी की महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा।
जल्द लॉन्च होगा पोर्टल
कैबिनेट ने 8 मार्च (शनिवार) को इस योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि योजना के तहत लाभ पाने के लिए पात्रता मानदंड और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जहां इच्छुक महिलाएं आवेदन कर सकेंगी।
सीएम रेखा गुप्ता करेंगी योजना की निगरानी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “महिला दिवस के खास मौके पर हमने अपनी कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जिसकी अध्यक्षता मैं स्वयं करूंगी।”
योजना से महिलाओं में उत्साह
महिला मोर्चा की सदस्य और अन्य महिलाओं ने इस योजना को लेकर काफी उत्साह दिखाया। योजना के तहत बीपीएल परिवार से संबंधित महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
जेएलएन स्टेडियम में मौजूद महिलाओं ने इस घोषणा पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इस तरह की योजना की प्रतीक्षा कर रही थीं। एक महिला ने कहा, “रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद से महिलाओं के लिए कई अच्छे फैसले लिए गए हैं। इस योजना से हजारों महिलाओं को सीधा फायदा मिलेगा।”
अन्य राज्यों में पहले से लागू
गौरतलब है कि महिला समृद्धि योजना पहले से ही महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे बीजेपी शासित राज्यों में लागू है, जहां पात्र महिलाओं को हर महीने निश्चित राशि दी जा रही है। अब दिल्ली में भी इसे लागू करने से यहां की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
कौन उठा सकता है लाभ?
- इस योजना के तहत लाभ पाने के लिए निम्नलिखित पात्रता शर्तें तय की गई हैं:
- महिला दिल्ली की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवार से संबंध होना आवश्यक है।
- कोई अन्य सरकारी वित्तीय सहायता योजना का लाभ न ले रही हो।
- परिवार में केवल एक महिला को ही लाभ मिलेगा।
- किसी भी सरकारी पद पर कार्यरत न हो।
- इस योजना से दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने में मदद मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।